सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…
रिपोर्टर (सचिन शर्मा)
चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव, जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह की अध्यक्षता में अप्रैल माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात अधिकारी तथा पुलिस इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे। अपराध गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में नशा तस्कर, पैडलर या अवैध कारोबार से जुड़े अपराधी गिरफ्तारी से बचने नहीं चाहिए।
बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह ने अपराध नियंत्रण, चारधाम यात्रा, ट्रैफिक व्यवस्था, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, फायर रिस्पॉन्स सिस्टम और ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा धीरे-धीरे अपने चरम की ओर बढ़ रही है और ऐसे समय में पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जिम्मेदारी निभाएं तथा आपसी समन्वय बनाए रखे

अपराध गोष्ठी में सबसे अधिक जोर नशा तस्करी पर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नशा बेचने वालों, सप्लायरों और पैडलरों की पूरी कुंडली तैयार करें तथा उनके खिलाफ PIT NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि केवल छोटे तस्करों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क तक पहुंचना जरूरी है। संबंधित क्षेत्राधिकारी हर सप्ताह इस प्रकार की कार्रवाई की समीक्षा करेंगे ताकि अभियान की प्रगति लगातार बनी रहे। पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक तेज किया जाए। बैठक में चारधाम यात्रा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि यात्रा सीजन में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं, इसलिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने थाना प्रभारियों और यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीकेंड के दौरान शहर और देहात दोनों क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर गश्त और पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय रहें ताकि दुर्घटना, जाम या किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। एसएसपी ने अन्य विभागों के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा व्यवस्था प्रभावित न हो। एसएसपी ने ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में की जा रही कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रियता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
अपराधियों, हुड़दंगियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना आवश्यक है। जघन्य अपराधों में तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर अपने क्षेत्र में रहने वाले सीनियर सिटिजनों के घर जाएं और उनसे वार्तालाप करें। जरूरत पड़ने पर उन्हें महत्वपूर्ण पुलिस नंबर भी उपलब्ध कराए जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत संपर्क कर सकें।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाना भी उतना ही जरूरी है जितना अपराध नियंत्रण। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समर सीजन को देखते हुए एसएसपी ने फायर यूनिट को भी विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए आगजनी की सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक उपकरणों के साथ राहत कार्य शुरू करे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि फायर रिस्पॉन्स में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस और फायर विभाग को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। अपराध गोष्ठी में पुलिस मुख्यालय से संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी प्रभारी समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्र में लंबित प्रार्थना पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा करें और मामलों का स्पष्ट निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और चारधाम यात्रा को लेकर दिए गए निर्देशों को आगामी दिनों में सख्ती से लागू करने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें– हरिद्वार में सड़क सुरक्षा पर SSP का बड़ा अभियान बिना हेलमेट वालों को पहनाए हेलमेट…
उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं
यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

