कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर हाईवे और फ्लाईओवर का निरीक्षण करती हरिद्वार पुलिस टीमकांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर हाईवे और फ्लाईओवर का निरीक्षण करती हरिद्वार पुलिस टीम

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। लाखों कांवड़ियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री निशा यादव ने महत्वपूर्ण मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गुरुवार को किए गए इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात के साथ क्षेत्राधिकारी यातायात बिपेन्द्र सिंह तथा यातायात निरीक्षक हितेश कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-334, विभिन्न अंडरपास, निर्माणाधीन फ्लाईओवरों और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार को जोड़ने वाले मार्गों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मेले से पहले सभी निर्माण और मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर हाईवे और फ्लाईओवर का निरीक्षण करती हरिद्वार पुलिस टीम

निरीक्षण के दौरान हरिलोक तिराहा स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर का भी जायजा लिया गया। यहां फ्लाईओवर की एप्रोच वॉल के पास मिट्टी की समुचित लेवलिंग करने तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके अलावा बहादराबाद बाईपास स्थित मोहनपुरी वाला क्षेत्र के निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण करते हुए दोनों ओर की सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। माना जा रहा है कि सर्विस रोड चौड़ी होने से मुख्य मार्ग पर दबाव कम होगा और यातायात संचालन अधिक सुचारु रहेगा।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार आने वाले मार्गों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसियों को निर्माणाधीन फ्लाईओवरों का कार्य तेजी से पूरा करने तथा टोल प्लाजा क्षेत्र में चल रहे कार्यों को आगामी एक माह के भीतर समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

फ्लाईओवर का निरीक्षण करती हरिद्वार पुलिस टीम

पुलिस अधीक्षक यातायात ने पतंजलि से बढ़ेडी राजपूताना तक निर्माणाधीन फ्लाईओवरों और सर्विस रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों ओर की सर्विस रोड को पूरी तरह गड्ढामुक्त किया जाए और उनकी चौड़ाई बढ़ाने का कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात प्रभावित न हो।

बढ़ेडी राजपूताना से सालियर जंक्शन तक नव-निर्मित हाईवे पर भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यहां शेष बचे निर्माण कार्यों को मेले से पहले पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि ये कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं तो यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि नव-निर्मित हाईवे को कांवड़ मेले के दौरान वैकल्पिक एवं आपातकालीन मार्ग के रूप में उपयोग करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात ने यातायात निरीक्षक को इस संबंध में विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को लेकर हाईवे

सुश्री निशा यादव ने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आगामी 15 दिनों के भीतर दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। उस समय कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित आवाजाही को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जा रही हैं। पुलिस, प्रशासन, NHAI और अन्य विभागों के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि समयबद्ध तैयारियों और विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष का कांवड़ मेला अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें –चेतन लाल हत्याकांड को लेकर लक्सर में भीम आर्मी का प्रदर्शन…

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *