अल्मोड़ा दुग्ध संघ में प्रधान प्रबंधक के तबादले के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते कर्मचारी और दुग्ध उत्पादकअल्मोड़ा दुग्ध संघ में प्रधान प्रबंधक के तबादले के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक

सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा दुग्ध संघ में प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी के तबादले को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। आंदोलन के तीसरे दिन कर्मचारियों ने बड़ा कदम उठाते हुए सामूहिक त्यागपत्र सौंप दिया, जिससे दुग्ध संघ के कामकाज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

दुग्ध संघ कर्मचारी संगठन के बैनर तले शुक्रवार को पातालदेवी स्थित दुग्ध संघ फैक्ट्री परिसर में कर्मचारियों, दुग्ध उत्पादकों और विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानांतरण आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की।

कर्मचारियों का आरोप है कि अल्मोड़ा दुग्ध संघ को लगातार अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि नए बोर्ड के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान अब तक चार प्रधान प्रबंधकों का स्थानांतरण किया जा चुका है, जिससे संस्था की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने वेतन संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि उन्हें अब तक सातवें वेतनमान का लाभ नहीं मिला है, जबकि वर्ष 2019 से लंबित छठे वेतनमान के महंगाई भत्ते का भुगतान भी नहीं किया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि जब भी वे अपनी जायज मांगों को उठाते हैं तो संस्था के घाटे का हवाला देकर उनकी समस्याओं को टाल दिया जाता है।

कर्मचारी संगठन ने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि 19 जून तक प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी के स्थानांतरण आदेश को निरस्त नहीं किया गया तो वे सामूहिक इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे। निर्धारित समय सीमा तक कोई सकारात्मक निर्णय न होने पर कर्मचारियों ने अपना वादा पूरा करते हुए सामूहिक त्यागपत्र सौंप दिया।

त्यागपत्र में कर्मचारियों ने कहा है कि वे लंबे समय से आर्थिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। उन्होंने शासन से स्वीकृत महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो दुग्ध संघ के कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की होगी।

इस घटनाक्रम के बाद अल्मोड़ा दुग्ध संघ में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों के सामूहिक त्यागपत्र को संस्था के इतिहास की बड़ी घटनाओं में माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें शासन और दुग्ध संघ प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं।

सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में शिवशंकर सिंह बोरा, बलवंत सिंह रावत, राजेंद्र कुमार कांडपाल, शेर सिंह बिष्ट, कमला बिष्ट, लाल सिंह, अरुण नगरकोटी, केवलानंद पपनै, प्रेम सिंह बिष्ट, कैलाश तिवारी, उत्तम सिंह, कौशर जहां खान, दया टाकुली, कल्पना बिष्ट, मुकेश सत्यवली समेत कुल 21 कर्मचारी शामिल हैं।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें –इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का बड़ा आंदोलन तेज, मिल चालू कराने की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन…

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *