हरिद्वार में चारधाम यात्रा 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन और अपर रोड क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते अधिकारी।"हरिद्वार में चारधाम यात्रा 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन और अपर रोड क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते अधिकारी।"

सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…

रिपोर्टर (सचिन शर्मा)

हरिद्वार, 10 जून 2026

चारधाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को रेलवे स्टेशन, शिव मूर्ति एवं अपर रोड क्षेत्र में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 08 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा 02 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित किए गए।

सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नियमित रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।

हरिद्वार में चारधाम यात्रा 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन और अपर रोड क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते अधिकारी।”

उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय की टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र, शिव मूर्ति तथा अपर रोड स्थित स्थायी और अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 08 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए 02 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण हेतु एकत्र किए गए। इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

100 स्ट्रीट वेंडरों को दिया गया FoSTaC प्रशिक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा केवल निरीक्षण और कार्रवाई तक ही सीमित न रहकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के सहयोग से लगभग 100 स्ट्रीट वेंडरों को FoSTaC (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव तथा स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने वेंडरों को बताया कि स्वच्छता बनाए रखना न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि उनके व्यवसाय की विश्वसनीयता बढ़ाने में भी सहायक होता है।

प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा खाद्य सामग्री को हमेशा ढककर रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अखबारी कागज में खाद्य सामग्री परोसने या पैक करने से बचने की सलाह भी दी गई, क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम उत्पन्न हो सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी स्ट्रीट वेंडरों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। विभाग ने कहा कि पंजीकरण से खाद्य कारोबारियों की पहचान सुनिश्चित होती है और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

चारधाम यात्रा में खाद्य सुरक्षा सख्त: 8 प्रतिष्ठानों की जांच, 100 वेंडरों को प्रशिक्षण”

अधिकारियों ने बताया कि जिन खाद्य कारोबारियों द्वारा विभागीय निर्देशों की अनदेखी की जाएगी या खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जानकारी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और विभागीय निर्देशों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में न्यायालय न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के समक्ष धारा-55 के अंतर्गत 06 वाद दायर किए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे केवल स्वच्छ एवं पंजीकृत प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। यदि किसी प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की शिकायत हो तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की खाद्यजनित समस्या का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें– सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर प्रशिक्षु आरक्षियों को राष्ट्रसेवा और नशा उन्मूलन का दिया गया संदेश…

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *