हरिद्वार के टी-11 पैरा एथलीट जतिन शर्माहरिद्वार के सहदेवपुर निवासी पैरा एथलीट जतिन शर्मा, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।

रिपोर्टर ( उमरा)

सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…

HARIDWAR। बचपन में हुए एक गंभीर हादसे ने उनकी आंखों की रोशनी छीन ली, लेकिन उनके सपनों और हौसलों को नहीं रोक पाया। हरिद्वार जिले के सहदेवपुर गांव निवासी टी-11 पैरा एथलीट जतिन शर्मा आज अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। किसान परिवार से आने वाले जतिन ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स और नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

इस हादसे से पहले वे ‘एंजल्स एकेडमी’ में पढ़ाई करते थे और प्रेप कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस दुर्घटना के परिणामस्वरूप वे पूर्ण दृष्टिहीन हो गए।
इस कठिन परिस्थिति के बावजूद वे घर में स्पर्श व मानसिक अनुमान से स्वतंत्र रूप से चलते हैं। वे अपनी दैनिक आहार और पोषण संबंधी जरूरतें खुद प्रबंधित करते हैं और मोबाइल-लैपटॉप चलाने के लिए स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हैं।

उन्होंने बारहवीं की पढ़ाई देहरादून के राष्ट्रीय दृष्टिदिव्यांगजन संस्थान से अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की, जहाँ खेल शिक्षक श्री नरेश सिंह नयाल ने उन्हें शुरुआती प्रशिक्षण दिया। वर्तमान में वे दूरस्थ माध्यम से स्नातक प्रथम वर्ष की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और हरिद्वार के रोशनाबाद खेल स्टेडियम में कोच श्री मुकेश शर्मा के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं।

जतिन शर्मा ने वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित खेलो इंडिया पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़, दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते।

इसके अलावा चेन्नई में आयोजित 23वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। गोवा में आयोजित 22वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी वह 5000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

जिला खेल महाकुंभ में भी जतिन का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। उन्होंने 2024 में 200 मीटर दौड़ में कांस्य, 2025 में रजत और 2026 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

टी-11 श्रेणी में पूर्ण दृष्टिहीन खिलाड़ी प्रतियोगिता के दौरान सहायक धावक के साथ दौड़ते हैं। दोनों एक निश्चित लंबाई की गैर-लचीली डोरी से जुड़े रहते हैं। सहायक का काम खिलाड़ी को दिशा और मार्गदर्शन देना होता है। वह खिलाड़ी को न तो खींच सकता है और न ही धक्का दे सकता है।

फिनिश लाइन पार करते समय खिलाड़ी का शरीर सहायक से आगे होना जरूरी होता है। इस श्रेणी में सहायक धावक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। जतिन ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में आयुष, सुंदर सिंह और अविरल जैन के साथ दौड़ में हिस्सा लिया है।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बावजूद जतिन के सामने अभ्यास को लेकर एक बड़ी चुनौती है। उनके लिए अपनी गति और क्षमता के अनुरूप सहायक धावक मिलना आसान नहीं होता। विशेषकर सुबह के समय सहायक उपलब्ध नहीं होने पर बड़े मैदान में अकेले तेज दौड़कर अभ्यास करना जोखिम भरा हो सकता है।

इस वजह से कई बार उनका अभ्यास प्रभावित होता है, जिसका असर दौड़ की टाइमिंग पर भी पड़ सकता है। इसके बावजूद जतिन लगातार मेहनत कर रहे हैं और शिक्षा के साथ खेल में भी आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

जतिन शर्मा की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ा जा सकता है। अब उनका लक्ष्य आने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना है। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

यह भी पढ़ें –सुभाष नगर में मामूली विवाद के बाद प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप…

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *