सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…
हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज हरिद्वार में आयोजित चौथी छह दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप महाकुंभ के दूसरे दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए युवा तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरे दिन आयोजित पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्रा ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपराओं में से एक है, जो शौर्य, साहस और वीरता का प्रतीक मानी जाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में भी इस पारंपरिक खेल को जीवित रखना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आयोजन समिति, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान आरजेके संस्था के निदेशक कुलदीप चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर सहित अनेक राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुलदीप चौहान ने बताया कि आरजेके फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने का प्रयास है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-13 एवं अंडर-18 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। खास बात यह रही कि पदक तालिका में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में अधिक प्रभावशाली रहा और उन्होंने सबसे अधिक पदक अपने नाम किए।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों को पदक प्रदान करने वालों में आरजेके संस्था के मुख्य संरक्षक नरेश चौहान, संस्था के निदेशक रमेश प्रसाद, डॉ. राधिका नागरथ, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल गाजियाबाद की खेल विभागाध्यक्ष प्रतिमा झा, एडवोकेट अतुल बिश्नोई, अंतरराष्ट्रीय कोच संदीप डुकलान, सूबेदार मेजर हेमचंद्र हरबोला तथा राष्ट्रीय कोच श्रीधर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ श्री बालाजी गौशाला की ओर से सभी पदक विजेताओं को शुद्ध देसी गाय का घी भी भेंट किया गया। इस पहल की खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने सराहना की।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
अंडर-13 इंडियन राउंड (बालक वर्ग)
- स्वर्ण पदक – सौरभ
- रजत पदक – गर्वित
- कांस्य पदक – सुरजीत
अंडर-13 इंडियन राउंड (बालिका वर्ग)
- स्वर्ण पदक – निधि
- रजत पदक – एकता
- कांस्य पदक – सपना
अंडर-18 इंडियन राउंड (बालक वर्ग)
- स्वर्ण पदक – योगेंद्र
- रजत पदक – हर्षित
- कांस्य पदक – गौरव कुमार
अंडर-18 रिकर्व (बालक वर्ग)
- स्वर्ण पदक – लवित्रा
- रजत पदक – अतुल धर
- कांस्य पदक – विराट सुकंडे
अंडर-18 इंडियन राउंड (बालिका वर्ग)
- स्वर्ण पदक – गरिमा
- रजत पदक – जीविका
- कांस्य पदक – मानवी ज्वाला
अंडर-18 रिकर्व (बालिका वर्ग)
- स्वर्ण पदक – वरन्या चौहान
- रजत पदक – अमृता दत्त
- कांस्य पदक – यशविनी
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभर के प्रतिभाशाली तीरंदाज अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि यह चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत आधार साबित होगी।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने से भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है। साथ ही ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। हरिद्वार में आयोजित यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़ें –मतदाता सूची में बड़ी तैयारी! हरिद्वार में घर-घर पहुंच रहे BLO, जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों को दिए अहम निर्देश…
उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं
यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

