सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़
देहरादून न्यूज़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पौड़ी जिले के सतपुली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए पूर्वी नयार नदी पर बनने वाली बहुउद्देश्यीय सतपुली झील का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लगभग 172 करोड़ 65 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 123 करोड़ 53 लाख रुपये की 4 योजनाओं का शिलान्यास और 49 करोड़ 12 लाख रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विकासखंड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भरोली खाल और बीरोंखाल में नवीन भवन निर्माण, विकासखंड एकेश्वर और कल्जीखाल के बीच नयार पाटीसैंण एवं असवालस्यूं के मध्य पश्चिमी नयार नदी पर मोटर पुल निर्माण, विकासखंड एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम निर्माण, रवांसा नदी पर पीपलडोंगा पुल से 500 मीटर ऊपर बैराज निर्माण और ताड़केश्वर हादेव में पुलिस चौकी की स्थापना की घोषणा की।
झील और अन्य विकास परियोजनाओं का महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतपुली झील का निर्माण क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी के इस तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, और इस दिशा में ठोस कार्य शुरू हो चुका है। झील का लाभ आने वाली कई पीढ़ियों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है।
पलायन रोकने और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पलायन जैसी गंभीर समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्योगों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने मातृशक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके द्वारा तैयार उत्पाद आज विदेशों तक अपनी पहचान बना रहे हैं।
भू कानून और यूसीसी लागू करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए राज्य में 5000 एकड़ से अधिक भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने 2025 के जनवरी में उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और सख्त भू कानून लाने की घोषणा की।
अन्य महत्वपूर्ण बातें
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में विकास योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल, विधायक लैंसडौन दिलीप महंत, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।