रिपोर्टर (उमरा)
सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…
Kumbh Mela-2027। की तैयारियों के तहत हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में आस्थापथ को धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक पहुंचने के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। साथ ही कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी में भी यह मार्ग अहम भूमिका निभाएगा।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बुधवार को चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर आस्थापथ के विस्तार एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके आगे पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में लगभग 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने एलीवेटेड मार्ग के निर्माण कार्यों में विशेष तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेला प्रारंभ होने से पहले आस्थापथ के विस्तारित हिस्से को पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुसज्जित कर लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को दिन-रात कार्य जारी रखने के साथ ही नियमित स्थलीय निरीक्षण, निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने धनुष पुल से सीसीआर के मध्य नवनिर्मित घाट पर अंतिम चरण में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाट से संबंधित शेष कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जनसुविधाओं और प्रकाश व्यवस्था के सभी इंतजाम समय से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाट पर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्माण कार्य के साथ ही पूरी कर ली जाएं।
इसके अतिरिक्त मेलाधिकारी ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों तथा एडमिन रोड के निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और कारगर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने क्षेत्र में जनसुविधाओं के विकास तथा प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की हिदायत दी।
उल्लेखनीय है कि आस्थापथ के विस्तार की महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत धनुष पुल से चंडी चौक तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके आगे आस्थापथ को बैरागी कैंप से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है। धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्थापथ का विस्तार होने से हरकी पैड़ी की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन का एक सुगम विकल्प मिलेगा। इसके साथ ही कुंभ के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, भीड़ का दबाव कम करने तथा आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन निकासी सुनिश्चित करने में यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक श्री सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता श्री भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – Haridwar में 29 नवंबर को होगी PCS प्रारंभिक परीक्षा 52 केंद्रों पर 20,958 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा…
उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं
यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

