सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…👍
देहरादून गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ सुरकंडा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने विधिवत तरीके से माँ सुरकंडा देवी के दर्शन किए और देश एवं प्रदेश की सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर की परिक्रमा भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। श्रद्धालु अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों से वार्ता कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय स्वयं सहायता महिला समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की और कुछ सामग्री की खरीदारी भी की।
शीतकालीन यात्रा की तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि राज्य के हर मंदिर का अपना अलग धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों को शीतकालीन यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा है। अधिकांश स्थानों पर तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं, और इसका सकारात्मक असर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या में देखा जा सकता है।
अधिकारी और गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल, एडीएम ए.के. पांडेय, एएसपी जे.आर. जोशी सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी माँ सुरकंडा देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया।