सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…👍
देहरादून: उत्तराखंड पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से रिलायंस ज्वेलरी शोरूम डकैती मामले में फरार चल रहे 2 लाख के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। डकैती के बाद से ही आरोपी लगातार फरार था, जिसके खिलाफ डीजीपी ने 1 लाख का इनाम घोषित किया था। बिहार पुलिस ने भी उस पर 1 लाख का इनाम रखा था। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 13 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
कैसे हुई थी करोड़ों की डकैती?
घटना 9 नवंबर 2023 की है, जब उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दून शहर के राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती हुई थी। बदमाश करीब 14 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। खास बात यह थी कि घटना के दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देहरादून में मौजूद थीं, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
डकैती के बाद उत्तराखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। बदमाशों की कार्यशैली को देखते हुए पुलिस को शक हुआ कि यह गैंग बिहार के कुख्यात अपराधी सुबोध से जुड़ी हो सकती है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस गैंग का संचालन अलग से किया जा रहा था।
अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें प्रिंस कुमार, अखिलेश कुमार, विक्रम कुमार कुशवाह, कुंदन कुमार, मोहम्मद आदिल खान, आशीष कुमार, अकबर, अमृत कुमार, चंदन कुमार उर्फ सुजीत, अनिल सोनी, शशांक कुमार और विशाल कुमार शामिल हैं। ये सभी बिहार के अलग-अलग जिलों से ताल्लुक रखते हैं।
हरियाणा से हुई इनामी बदमाश की गिरफ्तारी
दून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना में शामिल 1 लाख के इनामी आरोपी राहुल उर्फ चौंधा को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बिहार में भी 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ कई राज्यों में लूट, डकैती और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अब क्या होगा? उत्तराखंड पुलिस डकैती से जुड़े अन्य फरार बदमाशों की तलाश में लगी हुई है। मामले की जांच आगे बढ़ रही है, और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गैंग के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें 👉 चुनाव हारने के बाद भाजपा समर्थक की टिप्पणी पर बवाल, पंजाबी समाज ने की कार्रवाई की मांग