“हरिद्वार जीआरपी ने महाराष्ट्र और असम के तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया, ऑनलाइन पेमेंट मैसेज दिखाकर वेंडरों से नकद रुपये ठगते थे”“हरिद्वार जीआरपी ने महाराष्ट्र और असम के तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया, ऑनलाइन पेमेंट मैसेज दिखाकर वेंडरों से नकद रुपये ठगते थे”

सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…

हरिद्वार। कप्तान तृप्ति भट्ट के कुशल नेतृत्व और सख्त अनुशासन के चलते जीआरपी हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर महाराष्ट्र और आसाम से आए तीन शातिर ठगों को पकड़कर जेल भेज दिया है। आरोपी प्लेटफार्म और रेलवे कोच में भोले-भाले लोगों को ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर नकद पैसे हड़पते थे।

यह गिरोह बेहद चालाकी से काम करता था। हमेशा एसी कोच में सफर करता, महंगे सूटकेस रखता और महिलाओं को साथ रखता ताकि कोई उन पर शक न करे। बाहर से आए पर्यटक होने का बहाना बनाकर यह लोग दुकानदारों, वेंडरों और छोटे व्यापारियों को अपने झांसे में फंसाते थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल तीनों आरोपी जेल पहुंच गए बल्कि घटना में दी गई रकम की 100% बरामदगी भी कर ली गई।

प्लेटफार्म पर हुआ फ्रॉड, वेंडर से लूटे 20 हजार रुपये

घटना 3 सितंबर 2025 को हरिद्वार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर हुई। वेंडर आलोक मिश्रा, निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश), अपने मैनेजर के साथ हिसाब-किताब कर रहा था। तभी मुख्य अभियुक्त अरुण सोनी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), अपनी दो महिला साथियों भारती बोरा और वर्षा के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने खुद को पर्यटक बताया और कहा कि वे आगरा जाकर ताजमहल देखने जा रहे हैं। उनके पास कैश नहीं है, लेकिन वे तुरंत ऑनलाइन पेमेंट करके ₹20,000 कैश ले सकते हैं। उन्होंने वेंडर को भरोसा दिलाने के लिए अपना आधार कार्ड दिखाया और मोबाइल पर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का मैसेज भी दिखा दिया।

महिलाओं की मौजूदगी, लगेज, एसी कोच का टिकट और बात करने का तरीका इतना सामान्य था कि पीड़ित को शक नहीं हुआ। उसने आरोपी को बीस हजार रुपये कैश में दे दिए। बाद में जब पत्नी के अकाउंट में पैसा नहीं आया तो आरोपी ने कहा कि “कभी-कभी मैसेज देर से आता है” और वहां से चंपत हो गया।

नकली ऑनलाइन मैसेज दिखाकर करते थे ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपियों का तरीका बेहद चतुराई भरा था। वे कभी असली ऑनलाइन लेन-देन नहीं करते थे ताकि पकड़े न जाएं। वे गूगल और अन्य ऐप की मदद से फर्जी पेमेंट मैसेज दिखाते और पीड़ित से नकद रुपये लेकर गायब हो जाते। पुलिस ने बताया कि आरोपी ऐसे लोगों को टारगेट करते थे जिन्हें ऑनलाइन लेन-देन और मैसेज की ज्यादा जानकारी न हो। इस गिरोह के निशाने पर प्लेटफार्म पर काम करने वाले वेंडर, ठेली लगाने वाले और छोटे दुकानदार रहते थे।

तीनों आरोपी लग्जरी लाइफ जीने के शौकीन थे। वे हमेशा महंगे कपड़े पहनते, ब्रांडेड सूटकेस रखते और एसी कोच में ही सफर करते ताकि लोगों को उन पर शक न हो। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त अरुण सोनी की दोस्ती वर्षा से बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जब दोनों की ट्रेन छूट गई थी। यह मुलाकात जल्द ही गहरी दोस्ती में बदल गई और दोनों साथ में गोवा समेत कई जगह घूमे। बाद में वर्षा ने अपनी मौसी की बेटी भारती बोरा को भी इस फ्रॉड में शामिल कर लिया।

हरिद्वार में घटना करने के बाद आरोपी लक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने एक दुकान से लगभग ढाई हजार रुपये इसी तरह हड़प लिए। इस मामले में थाना जीआरपी लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 42/25 धारा 318(2) बीएनएस दर्ज किया गया। तीनों आरोपी रुड़की रेलवे स्टेशन पर अपने अगले शिकार की तलाश में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

थाना जीआरपी हरिद्वार में घटना के संदर्भ में मुकदमा अपराध संख्या 85/25 धारा 318(4) बीएनएस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे कुल ₹22,500 कैश और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में आरोपी अरुण सोनी ने बताया कि एक बार उसके साथ भी इसी तरह की ठगी हो चुकी थी। इसके बाद उसने गूगल की मदद से नकली मैसेज भेजना सीखा और इस अपराध में उतर गया।

जीआरपी कप्तान तृप्ति भट्ट ने कहा कि “आज समाज में नए-नए प्रकार के फ्रॉड सामने आ रहे हैं। लोगों को सतर्क रहना होगा और इस प्रकार के झांसे में नहीं आना चाहिए। हमारी पुलिस टीम ने शानदार काम किया है।” उन्होंने 24 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर 100% बरामदगी करने पर जीआरपी हरिद्वार, लक्सर, रुड़की और एसओजी टीम की विशेष प्रशंसा की।

  1. अरुण सोनी पुत्र अनूप सोनी – निवासी पडयमना, थाना बाड़ी, जिला नागपुर, महाराष्ट्र, बीकॉम प्रथम वर्ष छात्र
  2. भारती बोरा – निवासी पुली काइटोनी, थाना गालाधारी, जिला गोलाघाट, असम, 12वीं पास
  3. वर्षा – निवासी मिनारी बोरा सारू लंगेथा, जिला गोलाघाट, असम, 12वीं पास

पुलिस टीम जीआरपी हरिद्वार – प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक, एसआई प्रमोद कुमार, एचसी श्याम दास, कांस्टेबल जाहुल हसन, मोहित कुमार, ललित, पृथ्वी सिंह, महिला कांस्टेबल आंचल और सुमन लोधी

जीआरपी लक्सर/रुड़की – एसआई रचना, एसआई प्रीति सैनी, एएसआई जगत सिंह, कांस्टेबल परमिंदर सिंह, राजीव कुमार, अमित, संजय, जितेंद्र पंचाल और महिला कांस्टेबल ममता, शर्मिला, सरयू

एसओजी जीआरपी – प्रभारी इंस्पेक्टर कमल कोरंगा, एचसी करुणेश कुमार और कांस्टेबल मनोज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी अजनबी व्यक्ति ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर कैश लेने की कोशिश करे, तो उसकी बातों में न आएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस तरह की सतर्कता से न केवल आप खुद को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।

यह भी पढ़ेंहरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: बहादराबाद से चोरी हुआ ट्रैक्टर आरोपी सहित बरामद

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *