Haridwar News : Miracle in Mangalore मंगलौर, एक महीने से अपनी मां की तलाश में भटक रहे किशोर के चेहरे पर आज खुशी लौट आई जब हरिद्वार पुलिस ने उसकी मां को सकुशल ढूंढ निकाला।
मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के मिलने की सूचना मिलते ही बेटा चंडीगढ़ से दौड़ा चला आया और अपनी मां को गले लगाकर भावुक हो उठा।
ग्राम धुनी, नंदप्रयाग (चमोली) निवासी यह महिला
23 जनवरी 2025 को अचानक घर से लापता हो गई थी। महिला के पति का पहले ही निधन हो चुका था और इकलौता बेटा चंडीगढ़ में दसवीं की पढ़ाई कर रहा था। मां के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही बेटे ने हर संभव कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

इसी बीच, मंगलौर पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला घूम रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला कांस्टेबल की मदद से उसे थाने लाया। बातचीत के दौरान महिला की बोली से कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके गांव के प्रधान से संपर्क किया। प्रधान की मदद से महिला के बेटे का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसे सूचना दी गई कि उसकी मां मंगलौर थाने में सुरक्षित है।

मां की खबर मिलते ही बेटा अपने रिश्तेदारों के साथ चंडीगढ़ से मंगलौर पहुंचा। मां को देखकर वह खुद को रोक नहीं पाया और भावुक होकर उनसे लिपट गया। उसने हरिद्वार पुलिस और मंगलौर थाने का तहे दिल से आभार व्यक्त किया, जिनकी तत्परता ने उसकी खोई हुई खुशी लौटा दी।
यह भी पढ़ें 👉 शिवालिक नगर में सनसनी: 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर खत्म की अपनी जिंदगी !