सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…
रिपोर्टर (सचिन शर्मा)
हरिद्वार में शनिवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब से आने वाली पारंपरिक दमड़ी यात्रा का भव्य और दिव्य स्वागत किया गया। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ निकली इस विशाल यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यह यात्रा ज्वालापुर बाजार, दुर्गा चौक, शंकर आश्रम और ऋषिकुल मार्ग से होते हुए हर की पैड़ी तक पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इसका समापन हुआ।
दमड़ी यात्रा का शुभारंभ संत-महात्माओं और राजीव स्वरूप की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ किया गया। यात्रा की शुरुआत में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और गुरु रविदास जी के उपदेशों का गुणगान किया। यात्रा पहले गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंची, जहां अन्य जत्थों के साथ संगम हुआ। इसके बाद यह भव्य यात्रा हरकी पैड़ी की ओर रवाना हुई।

पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। जलपान और विश्राम की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संत बाबा निर्मल दास ने कहा कि दमड़ी यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले था। उन्होंने बताया कि पुल जटवाड़ा स्थित संत रविदास द्वार पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 200 से 400 लोगों की व्यवस्था की गई है, जहां भोजन और विश्राम की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम संयोजक राजबीर सिंह कटारिया ने बताया कि यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और गुरु रविदास जी के उपदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। विशेष रूप से ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, जो समानता, भाईचारे और भेदभाव रहित समाज का प्रतीक है।
इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए हरकी पैड़ी स्थित गुरु रविदास मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने इस अवसर पर संत समाज को आगामी चारधाम यात्रा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और संतों की भागीदारी से इसकी गरिमा और बढ़ेगी। प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
अपने संबोधन में आईजी गढ़वाल ने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज में एकता, भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना आज के समय की आवश्यकता है।
गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित यह दमड़ी यात्रा हरिद्वार में आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बनी। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक भावना को सशक्त किया, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित किया।
यह भी पढ़ें– हरिद्वार में कांग्रेस की बैठक मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीएलए को दिए गए निर्देश…
उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं
यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!
यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

