शारदीय कांवड़ यात्रा 2026 की समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी मयूर दीक्षितशारदीय कांवड़ यात्रा 2026 की समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी मयूर दीक्षित

सबसे सटीक ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़…

शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में

हरिद्वार में आगामी शारदीय कांवड़ यात्रा 2026 एवं शिवरात्रि पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।

अधिकारियों को संवेदनशीलता और सौम्य व्यवहार के निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शारदीय कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार किया जाए और किसी भी स्थिति में कठोरता या लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा विषय है, इसलिए प्रशासन का व्यवहार सहयोगात्मक और सेवा भाव से परिपूर्ण होना चाहिए।

जिला सभागार में शारदीय कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और अधिकारी

बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, कांवड़ मार्ग और शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या शांति भंग करने वाली गतिविधि को तुरंत नियंत्रित किया जाए।

शारदीय कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, चिकित्सक दल और प्राथमिक उपचार केंद्र सक्रिय रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी चिकित्सा सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहें, ताकि श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

स्वच्छता, पेयजल और बिजली आपूर्ति पर फोकस

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और जिला पंचायत को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों और स्नान घाटों पर नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निगम को पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का समाधान तुरंत किया जाए।

शारदीय कांवड़ यात्रा 2026 की समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी मयूर दीक्षित

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को गंगा घाटों और समस्त पुलों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा एनएचएआई के अधिकारियों को नजीबाबाद राष्ट्रीय मार्ग पर पड़े मलबे को तुरंत हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी होटल और ढाबों पर निर्धारित रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए और किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग न हो। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, एक्सपायरी सामग्री की जांच और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। खराब या अस्वास्थ्यकर भोजन मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपर रोड पर चल रहे निर्माण कार्य कांवड़ यात्रा के दौरान रोक दिए जाएं। संबंधित विभाग को मार्ग को दुरुस्त और सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह, सीओ ट्रैफिक विपेंदर सिंह, सीओ एसडीआरएफ सुशील रावत, ट्रैफिक इंचार्ज हितेश कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी. के. सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शारदीय कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और श्रद्धा का पूरा ध्यान रखते हुए यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में सभी जोनल मजिस्ट्रेट और अधिकारी मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे, ताकि शारदीय कांवड़ यात्रा हर दृष्टि से सफल और सुरक्षित हो सके।

यह भी पढ़ें डोईवाला चीनी मिल मजदूर संघ चुनाव संपन्न गोपाल शर्मा अध्यक्ष और ओमप्रकाश वर्मा महामंत्री निर्वाचित कर्मचारियों…

उत्तराखंड की सभी ताज़ा और महत्वपूर्ण ख़बरों के लिए ज्वालापुर टाइम्स न्यूज़ WHATSAPP GROUP से जुड़ें और अपडेट सबसे पहले पाएं

 यहां क्लिक करें एक और हर अपडेट आपकी उंगलियों पर!

यदि आप किसी विज्ञापन या अपने क्षेत्र/इलाके की खबर को हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म पर प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो कृपया 7060131584 पर संपर्क करें। आपकी जानकारी को पूरी जिम्मेदारी और भरोसे के साथ प्रसारित किया जाएगा।”

By ATHAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *